राजनांदगांव , जनवरी 20 -- प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत आम नागरिकों के बिजली बिल को शून्य करने के उद्देश्य से जिले में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला प्रशासन एवं विद्युत विभाग द्वारा नगर पालिक निगम राजनांदगांव के विभिन्न वार्डों में 21 जनवरी से दो फरवरी 2026 तक 'सूर्यसभा' का आयोजन किया जाएगा।

मंगलवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार कलेक्टर जितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में आयोजित यह सूर्यसभाएं प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक संबंधित वार्डों में आयोजित होंगी। सूर्यसभा के माध्यम से नागरिकों को प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की विस्तृत जानकारी दी जाएगी तथा सौर पैनल स्थापना से जुड़े लाभों से अवगत कराया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 21 जनवरी को लखोली वार्ड कार्यालय, 22 जनवरी को नेहरू नगर, 23 जनवरी को नंदई, 27 जनवरी को लालबाग, 28 जनवरी को ग्रीन सिटी कॉलोनी, 29 जनवरी को अनुपम नगर, 30 जनवरी को रिद्धी-सिद्धी कॉलोनी तथा 2 फरवरी को गौर नगर (पटरी पार) में सूर्यसभा आयोजित की जाएगी।

सूर्यसभा में उपस्थित अधिकारियों द्वारा योजना के अंतर्गत आवेदन प्रक्रिया, पंजीकरण, शासन द्वारा दी जा रही अनुदान राशि, सौर पैनल की स्थापना, रखरखाव एवं कार्यप्रणाली की जानकारी दी जाएगी। साथ ही मौके पर ही पंजीकरण एवं आवेदन में नागरिकों की सहायता की जाएगी।

योजना के अंतर्गत आवेदन हेतु बिजली बिल एवं आधार कार्ड अनिवार्य रूप से साथ लाने की अपील की गई है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में सूर्यसभा में उपस्थित होकर प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने का आग्रह किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित