राजनांदगांव , मार्च 11 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के लिए गर्व की बात है कि यहां कार्यरत एक विद्युत कर्मी लाइनमैन ईश्वरी लाल वर्मा को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। विद्युत विभाग ने बुधवार को यह जानकारी दी।
विभाग ने बताया कि जिले के मुसराकला वितरण केंद्र में पदस्थ लाइनमैन वर्मा को राष्ट्रीय राजधानी के इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित एक भव्य समारोह में 'सर्वश्रेष्ठ लाइनमैन' पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
केंद्रीय ऊर्जा राज्यमंत्री श्रीपाद येसो नाईक ने उन्हें प्रशस्ति पत्र, शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। लाइनमैन वर्मा को यह सम्मान कठिन परिस्थितियों में उत्कृष्ट कर्तव्यनिष्ठा, तकनीकी दक्षता और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत रिकॉर्ड संख्या में सोलर कनेक्शन प्रदान करने के लिए दिया गया है। साथ ही उन्होंने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित