रांची , मई 08 -- झारखंड की राजधानी रांची स्थित रिम्स अस्पताल में शुक्रवार को मनोरोग विभाग में भर्ती एक मरीज ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

इस घटना के बाद पूरे अस्पताल में हड़कंप मच गया। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक मरीज का नाम विवेक कुमार बताया जा रहा है। वह लंबे समय से नशे की लत से जूझ रहा था। इसी समस्या के इलाज के लिए उसे रिम्स के मनोरोग विभाग में भर्ती कराया गया था।

डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा था, लेकिन अचानक यह घटना हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। स्टाफ और डॉक्टर तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मरीज की मौत से अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती तौर पर इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित