पटना , दिसंबर 30 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने मंगलवार को आरोप लगाया कि सांसद संजय झा और देवेश चंद्र ठाकुर सांसद चुने जाने के बाद भी बिहार सेंट्रल पूल से आवंटित सरकारी आवासों पर अवैध रूप से कब्जा जमाए हुए हैं।

राजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रो. नवल किशोर यादव ने भवन निर्माण विभाग के प्रधान सचिव को लिखे पत्र में कहा कि सीतामढ़ी से लोकसभा सांसद देवेश चंद्र ठाकुर और राज्यसभा सांसद संजय झा को नई दिल्ली में सरकारी आवास आवंटित किए गए हैं। इसके बावजूद दोनो नेता कथित तौर पर बिहार सेंट्रल पूल के उन बंगलों में रह रहे हैं, जो पहले उन्हें क्रमशः मंत्री और विधान परिषद के सभापति के पद पर रहते हुए आवंटित किए गए थे।

श्री यादव ने आरोप लगाया कि दोनों नेता इन सरकारी आवासों पर लगातार कब्जा किए हुए हैं और भवन निर्माण विभाग की तरफ से इनकी वर्तमान स्थिति स्पष्ट नही की गई है। इसके साथ हीं विभाग इन बंगलों को खाली कराने के लिए कोई कार्रवाई भी नही कर रहा है। उन्होंने दोनों सांसदों पर नियमों का उल्लंघन करते हुए अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर आवास अपने पास बनाए रखने का आरोप लगाया।

राजद प्रवक्ता ने सवाल उठाया कि क्या ये सांसद सामान्य किराए से दस गुना ज्यादा किराया अदा कर रहे हैं। उन्होंने यह भी सवाल किया कि आखिर इन बंगलों से उनका इतना लगाव क्यों है।

एक अन्य मुद्दा उठाते हुए श्री यादव ने कहा कि केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी किस हैसियत से उस बंगले में रह रहे हैं। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या वह बंगला उनकी बहू को आवंटित किया जा सकता है और क्या वरिष्ठता के नियम ऐसे आवंटन की अनुमति देते हैं?गौरतलब है कि मांझी की बहू दीपा कुमारी ने हाल ही में इमामगंज विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा चुनाव जीता है।

राजद प्रवक्ता ने मांग की कि विभाग इन तथ्यों की स्थिति को स्पष्ट रूप से सामने रखे, सरकारी आवासों को खाली कराने के लिए समय-सीमा घोषित करे और यह भी बताए कि अब तक संबंधित नेताओं से सामान्य किराए से कितनी गुना ज्यादा राशि वसूली गई है। उन्होंने अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेने और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की भी अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित