चेन्नई , मार्च 15 -- तमिलनाडु विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत प्रमुख विपक्षी दल अन्नाद्रमुक ने रविवार को सहयोगी दलों के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत के लिए चार सदस्यीय समिति का गठन किया।

चुनाव आयोग की आज शाम चुनाव कार्यक्रम की घोषणा किए जाने की संभावना के बीच यह समिति आने वाले दिनों में गठबंधन सहयोगियों के साथ बातचीत कर सीटों की संख्या को अंतिम रूप देगी।

पार्टी के महासचिव और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के चेहरे ए के. पलानीस्वामी ने एक बयान में कहा कि समिति का नेतृत्व पार्टी के उप महासचिव के.पी. मुनुसामी करेंगे। इसके अन्य सदस्य कोषाध्यक्ष डिंडीगुल सी. श्रीनिवासन, मुख्यालय सचिव एस.पी. वेलुमणि और महिला प्रकोष्ठ सचिव बी. वलारमति होंगी। वलारमति को छोड़कर अन्य तीनों सदस्य वर्तमान में विधायक हैं।

अन्नाद्रमुक के प्रमुख सहयोगी दलों में भारतीय जनता पार्टी, टीटीवी दिनाकरण की अम्मा मक्कल मुनेत्र कषगम, डॉ. अंबुमणि रामदास के नेतृत्व वाला पीएमके गुट, जी.के. वासन की तमिल मानिला कांग्रेस तथा कुछ छोटे दल शामिल हैं।

श्री पलानीस्वामी ने चुनाव तैयारियों के तहत विभिन्न समितियों का भी गठन किया है। इसमें दस सदस्यीय प्रचार समिति का नेतृत्व राज्यसभा सदस्य एम. थंबीदुरई करेंगे, जबकि आठ सदस्यीय चुनाव प्रचार समिति के प्रमुख पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सी. विजयभास्कर होंगे। इसके अलावा चुनाव संबंधी कानूनी मामलों के लिए पांच सदस्यीय विधि समिति का गठन किया गया है, जिसका नेतृत्व पूर्व विधि मंत्री सी. वी. षण्मुगम करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित