गयाजी, मार्च 20 -- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेश में चल रही अपनी समृद्धि यात्रा के दौरान गया जिले के टनकुप्पा प्रखंड स्थित मायापुर में कहा कि 2005 से पहले बिहार में कुव्यवस्था थी और विकास पर सरकार का कोई ध्यान नही था, लेकिन राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के आने के बाद बाद कानून का राज स्थापित हुआ और प्रदेश तेजी से प्रगति के पथ पर आगे बढ़ा।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कहा कि राजग सरकार ने प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार और महिला सशक्तिकरण की योजनाओं का विस्तार किया और लाखों शिक्षकों की बहाली, मेडिकल कॉलेजों की स्थापना के साथ करोड़ों लोगों को रोजगार दिया है ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार ने प्रदेश में उद्योग धंधों के विकास के साथ अगले पांच वर्षों में एक करोड़ रोजगार सृजन का लक्ष्य तय किया है उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहले लोग घरों से बाहर नहीं निकलते थे, भय का माहौल था, लेकिन वर्तमान समय में बिहार का लगातार विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है और लड़कियां शिक्षित हो कर जीवन में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार ने महिलाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार की व्यवस्था की है, जिससे उनकी जिंदगी में सुधार आया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि इस क्षेत्र के लिए 533 योजनाओं का उद्घाटन और 40 योजनाओं का शिलान्यास किया गया, जिनकी कुल लागत करीब 740 करोड़ रुपये है। उन्होंने नितीश कुमार के काल को बिहार के विकास का स्वर्णकाल बताया ।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी समेत कई नेताओं ने भी जनसमूह को संबोधित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित