पटना , दिसंबर 05 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार जमीन, बालू, और शराब माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।
श्री चौधरी ने आज यहां आयोजित समीक्षा बैठक में स्पष्ट किया कि गृह विभाग की प्राथमिकता कानून-व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की ढिलाई को खत्म करना है। बैठक में उन्होंने अधिकारियों से अवैध खनन पर 'रियल-टाइम निगरानी' तंत्र विकसित करने और जमीन से जुड़े फर्जीवाड़ों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
उपमुख्यमंत्री श्री चौधरी ने महिला सुरक्षा को लेकर एक बड़ी पहल के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य में छेड़खानी रोकने और मनचलों पर अंकुश लगाने के लिए अभय ब्रिगेड का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि यह विशेष बल स्कूल-कॉलेज के आसपास, बाजार क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर सक्रिय रहकर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा और किसी भी तरह की उत्पीड़न की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करेगा।
श्री चौधरी ने अधिकारियों को बिहार की यातायात व्यवस्था को दुरस्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने इसके लिए तीन महीने की डेडलाइन तय की है। उन्होंने जिलाधिकारियो और जिला पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया कि वे उधमियों और औधोगिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ हर महीने बैठक कर उनकी समस्याओं को सुनें और समस्याओं का निदान करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित