गोपालगंज , अप्रैल 24 -- गोपालगंज जिले में बैकुंठपुर के विधायक मिथिलेश तिवारी ने बिहार विधानसभा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सरकार के विश्वास मत हासिल करने पर उन्हें बधाई दी और कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की उपलब्धियां कुशल नीतियों, नेतृत्व क्षमता और जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है।
श्री तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार विकास, सुशासन और पारदर्शिता के नए दौर में प्रवेश कर चुका है।
विधायक श्री तिवारी ने कहा कि विपक्ष लगातार बेबुनियाद आरोप लगाकर सरकार की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन राज्य की जनता सच्चाई को भली-भांति समझती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार गांव-गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा में हुए विश्वासमत के दौरान सत्ता पक्ष के विधायकों ने एकजुटता का परिचय देते हुए बहुमत के साथ सरकार के पक्ष में मतदान किया।
श्री तिवारी ने कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और निवेश को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राज्य में रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित