पटना , मार्च 14 -- बिहार सरकार के ग्रामीण विकास तथा सड़क परिवहन मंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता श्रवण कुमार ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन राज्य सभा की सभी पांच सीटों पर आसानी से जीत दर्ज करेगा।
मंत्री श्री कुमार ने आज यूनीवार्ता से बातचीत में कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अपने आंतरिक कलह में व्यस्त है। उसके लिए अपने ही विधायकों को संभालना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि यह भी संभव है कि उनके कुछ विधायक पार्टी के 'गाइडलाइन' से अलग मतदान करें।
जदयू के वरिष्ठ नेता ने कहा कि राजग एकजुट है और बिहार से पांचवें राज्यसभा की सीट के लिए आवश्यक समर्थन आसानी से जुटा लिया जायेगा। उन्होंने कहा कि बिहार से सभी पांच राज्यसभा सीटों पर राजग उम्मीदवारों की जीत तय है।
मंत्री श्री कुमार ने राजद के पक्ष में दिए गए एआईएमआईएम के विधायक अख्तरुल ईमान के बयान पर कहा कि उनका अपनी पार्टी के विधायकों पर नियंत्रण नहीं है और ऐसा माना जा रहा है कि कुछ विधायक अपनी अंतरात्मा की आवाज पर राजग के पक्ष में मतदान करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग कोई नई बात नही है और पहले भी इसका लाभ मजबूत और सक्षम उम्मीदवारों को मिलता रहा है।
मंत्री श्री कुमार ने ईरान-अमेरिका-इजराइल युद्ध के बाद घरेलू गैस की किल्लत पर कहा कि यह लोगों की तरफ से ज्यादा खरीद के लिए अफरा तफरी के चलते दिख रहा है और वास्तव में ऐसी कोई कमी नही है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की जरूरत के हिसाब से घरेलू गैस की सप्लाई सुचारू रूप से मिल रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित