पटना , मार्च 03 -- राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने बिहार से राज्यसभा के लिए अपने पांचवे उम्मीदवार के रूप में राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा के नाम की घोषणा की है।
श्री कुशवाहा को तमाम अटकलों के बीच राजग प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने की अनुमति दे दी गई है। इससे पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने दो उम्मीदवारों की घोषणा पहले ही कर चुकी है, जबकि जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के लिए दो सीटें छोड़ी गई हैं।
रालोमो के बिहार प्रदेश अध्यक्ष नितिन भारती ने बताया कि श्री कुशवाहा पांच मार्च को राजग उम्मीदवार के तौर पर नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। उन्होंने कहा कि यह निर्णय भाजपा नेतृत्व और राजग के अन्य घटक दलों से विचार-विमर्श के बाद लिया गया है।इससे पहले राजनीतिक हलकों में चर्चा थी कि श्री कुशवाहा से उनकी पार्टी का विलय भाजपा में करने को कहा गया था। अटकलें थीं कि विलय की स्थिति में भाजपा उन्हें अपना उम्मीदवार बना सकती है।
भाजपा ने बिहार से राज्यसभा चुनाव के लिए नितिन नबीन और शिवेश कुमार को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। नितिन ने हाल ही में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष का पदभार संभाला है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित