राजगीर , फरवरी 22 -- बिहार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर ने रविवार को कहा कि पर्यटन स्थल राजगीर में आने वाले पर्यटकों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। श्री किशोर ने नालंदा जिले के राजगीर स्थित नेचर सफारी में आज पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राजगीर में प्रतिदिन हजारों की संख्या में देश-विदेश से पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
अपर मुख्य सचिव ने कहा कि नेचर सफारी और ज़ू सफारी में पहले प्रतिदिन एक हजार पर्यटकों के लिए टिकट की व्यवस्था थी, जिसे बढ़ाकर अब दो हजार पर्यटकों के लिए करने का निर्देश दिया गया है। इस निर्णय से अधिक संख्या में आने वाले सैलानियों को सुविधा मिलेगी और उन्हें टिकट के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।उन्होंने बताया कि राजगीर के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा आधारभूत संरचना को सुदृढ़ किया जा रहा है।
श्री किशोर ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल पर्यटन को बढ़ावा देना ही नहीं है, बल्कि स्थानीय लोगों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करना भी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित