भोपाल , फरवरी 12 -- मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेश में मादक पदार्थों के अवैध निर्माण, तस्करी और अवैध खेती के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए राजगढ़ और नीमच जिलों में कुल 21 करोड़ 97 लाख रुपए से अधिक के मादक पदार्थ जब्त किए हैं। इन कार्रवाइयों में एमडी ड्रग्स और अवैध रूप से उगाए गए अफीम के हरे पौधे बरामद किए गए।
नीमच जिले में पुलिस चौकी जाट को 11 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम लुहारिया जाट में कपास की फसल की आड़ में अवैध अफीम की खेती की जा रही है। सूचना की पुष्टि तकनीकी साधनों और ड्रोन सर्चिंग के माध्यम से की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 11 हजार 600 नग हरे अफीम पौधे, जिनका कुल वजन 9 क्विंटल 76 किलोग्राम है, जब्त किए। इनकी अनुमानित कीमत लगभग 97 लाख 60 हजार रुपए बताई गई है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है।
राजगढ़ जिले में दो अलग-अलग कार्रवाइयों में पुलिस ने 21.510 किलोग्राम एमडी ड्रग्स जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। थाना माचलपुर पुलिस ने 11 फरवरी को ग्राम माणा के पास से एक आरोपी को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने ग्राम अरनिया स्थित अपने घर में एमडी ड्रग्स छिपाकर रखने की जानकारी दी। घर की तलाशी में किचन में रखे कार्टून से 10.160 किलोग्राम एमडी ड्रग्स, जिसकी कीमत लगभग 10 करोड़ रुपए आंकी गई, बरामद की गई।
आरोपी की निशानदेही पर सहआरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसके द्वारा खेत में छिपाकर रखे गए मादक पदार्थ की जानकारी देने पर पुलिस ने सरसों के खेत से हरे रंग के कार्टून में रखी 11.350 किलोग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की। दोनों कार्रवाइयों में कुल 21.510 किलोग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 21 करोड़ रुपए है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार निगरानी रखते हुए सुनियोजित और सख्त कार्रवाई की जा रही है। नशा तस्करी के किसी भी स्वरूप को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और समाज को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखने के लिए कठोर कदम जारी रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित