चंडीगढ़ , मार्च 13 -- पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा है कि 18 प्रमुख राज्यों के लिए नीति आयोग के नवीनतम राजकोषीय स्वास्थ्य सूचकांक ने पंजाब की प्रगति के बारे में आम आदमी पार्टी के फर्जी दावों को बेनकाब कर दिया है, क्योंकि राज्य को इस सूचकांक में सबसे नीचे रखा गया है।

श्री वड़िंग ने ने शुक्रवार को टिप्पणी करते हुए कहा, "पंजाब को देश के 18 प्रमुख राज्यों में राजकोषीय स्वास्थ्य सूचकांक में सबसे निचले स्थान पर रखा गया है। नीति आयोग की रिपोर्ट आप की उस भारी विफलता का एक कड़ा प्रमाण है, जिसने राज्य को वित्तीय बदहाली और आ दिवालियापन के कगार पर धकेल दिया है।"उन्होंने पंजाब की वित्तीय स्थिति पर 'श्वेत पत्र' जारी करने की अपनी मांग दोहराई ताकि पंजाब के लोगों को पता चल सके कि कैसे आप ने आर्थिक, सामाजिक और कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर राज्य को बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बार-बार सरकार को पंजाब की वित्तीय सेहत की कीमत पर की जा रही "बेहिसाब फिजूलखर्ची" और इसके परिणामों के प्रति चेतावनी देती रही है, जो अब सबके सामने हैं। उन्होंने बताया कि राजकोषीय स्वास्थ्य सूचकांक राज्यों का मूल्यांकन पाँच मापदंडों पर करता है जिसमें, राजस्व जुटाना, व्यय की गुणवत्ता, राजकोषीय विवेक, कर्ज का स्तर, और ऋण स्थिरता शामिल है। उन्होंने कहा कि पंजाब ने 100 में से मात्र 12.4 अंक प्राप्त किए हैं, जो इसे सबसे निचले स्थान पर रखता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित