नयी दिल्ली , अप्रैल 24 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. नरेश कुमार ने राघव चड्ढा समेत आम आदमी पार्टी के कई नेताओं के भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) में शामिल होने पर तीखी प्रतिक्रिया करते हुए कहा है कि यह कोई राजनीतिक भूचाल नहीं बल्कि पहले से तय औपचारिक कार्रवाई थी। उन्होंने कहा कि जो लोग वर्षों से भाजपा की बी टीम के रूप में काम कर रहे थे, वे आज अपनी असली टीम में पहुंच गए हैं।
उन्होंने शुक्रवार शाम को पत्रकारों से बातचीत के दौरान राघव चड्ढा के उस बयान पर भी निशाना साधा, जिसमें उन्होंने कहा कि उनकी 15 साल की जवानी बर्बाद हो गई। डॉ. कुमार ने कहा कि हकीकत यह है कि राघव चड्ढा विचारधारा से नहीं बल्कि लालच में आम आदमी पार्टी में आए थे और अब उसी लालच में भाजपा में चले गए हैं। उन्होंने कहा कि राघव चड्ढा पहले आम आदमी पार्टी का एटीएम थे, अब भाजपा का एटीएम बन गए हैं।
डॉ. कुमार ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने ईमानदारी, पारदर्शिता और बदलाव के नाम पर जनता को गुमराह किया, जबकि हकीकत यह है कि इस पार्टी का गठन ही कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने और भाजपा को फायदा देने के लिए किया गया था। आज राघव चड्ढा और अन्य नेताओं के भाजपा में चले जाने की घटना ने इस सच्चाई पर मुहर लगा दी है।
उन्होंने कहा कि लोकपाल विधेयक आंदोलन भी भ्रष्टाचार के खिलाफ कोई वास्तविक जन आंदोलन नहीं था, बल्कि एक सोची-समझी राजनीतिक पटकथा थी, जिसके जरिए देश की जनता को धोखा देकर ऐसी पार्टी खड़ी की गई, जो बाद में भाजपा की सहयोगी साबित हुई।
उन्होंने भाजपा पर भी तीखा प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा आज दबाव, जोड़-तोड़ और "इम्पोर्टेड राजनीति" के सहारे आगे बढ़ रही है। जिसका ताज़ा उदाहरण नीतीश कुमार हैं,लगातार दूसरी पार्टियों के नेताओं को अपने दल में शामिल करना यह दर्शाता है कि भाजपा का अपना संगठनात्मक आधार कमजोर हो रहा है और वह सत्ता बनाए रखने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है।
डॉ. कुमार ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी और भाजपा दोनों आरएसएस के इशारों पर चलती हैं, इसलिए राष्ट्रीय मुद्दों, सांप्रदायिक राजनीति और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हमलों के मामले में दोनों का रवैया अक्सर एक जैसा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित