चंडीगढ़ , दिसंबर 26 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि भारत की प्राचीन और गौरवशाली सभ्यता के प्रतीक राखीगढ़ी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित पहचान दिलाने के लिए केंद्र सरकार ने केंद्रीय बजट में 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। राज्य सरकार राखीगढ़ी को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए निरंतर ठोस कदम उठा रही है।
श्री सैनी राखीगढ़ी में आयोजित दूसरे राज्य स्तरीय राखीगढ़ी महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने राखीगढ़ी और राखी शाहपुर गांवों के लिए 21-21 लाख रुपये के अनुदान की घोषणा की तथा पंचायतों की ओर से रखी गयी मांगों को संबंधित विभागों को भेजने के निर्देश दिये। इस अवसर पर हड़प्पा ज्ञान केंद्र का उद्घाटन भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राखीगढ़ी हड़प्पा सभ्यता का एक प्रमुख केंद्र रहा है, जहां सुनियोजित शहरी संरचना, उन्नत जल प्रबंधन और स्वच्छता प्रणाली के प्रमाण मिले हैं। यह स्थल भारत की वैज्ञानिक, समृद्ध और गहरी जड़ों वाली सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अपनी सांस्कृतिक धरोहर पर गर्व करते हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार राखीगढ़ी को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन और अनुसंधान केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए विश्वस्तरीय संग्रहालय, अनुसंधान संस्थान और आधुनिक पर्यटन सुविधाएं विकसित कर रही है। साथ ही, राखीगढ़ी को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल कराने के प्रयास भी जारी हैं।
विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि लगभग 7,000 वर्ष पुरानी राखीगढ़ी सभ्यता ने आधुनिक शहरी नियोजन का मार्ग प्रशस्त किया। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित