रांची , फरवरी 23 -- झारखंड के चतरा जिले के सिमरिया थाना के खसियातु करम टांड जंगल में रांची से दिल्ली जा रहा एक एयर एंबुलेंस आज क्रैश हो गया।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि विमान में कुल 7 लोग सवार थे। इनमें दो पायलट,एक डॉक्टर, एक नर्स और एक मरीज के साथ उनके दो सहयोगी शामिल थे।
चतरा के पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल ने घटना की पुष्टि की और बताया कि विमान क्रैश हो गया है। बचाव और राहत अभियान शुरू कर दिया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बीचक्राफ्ट (बीई9एल) विमान वीटीएजेवी ने रांची से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन उड़ान के कुछ ही समय बाद उससे संपर्क टूट गया।
डब्ल्यूएसओ कोलकाता के मुताबिक विमान ने रांची से शाम सात बजकर 11 मिनट पर उड़ान भरी थी और 7बजकर 34 मिनट पर अटाली क्षेत्र के पास आखिरी बार संपर्क हुआ। अंतिम संचार यूकेडब्ल्यू वीईसीसी (वीएचएफ 132.25) फ्रीक्वेंसी पर दर्ज किया गया। इसके बाद विमान ने वाराणसी एयरस्पेस में कोई संपर्क नहीं किया।
बताया जा रहा है कि विमान पलामू और गढ़वा के ऊपर से गुजर रहा था, इसी दौरान उसका संपर्क पूरी तरह टूट गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित