रांची , फरवरी 06 -- झारखंड की राजधानी रांची स्थित सिविल कोर्ट को ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया।

धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हो गईं और कोर्ट परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए झारखंड जगुआर का बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और पूरे कोर्ट परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। हर संदिग्ध वस्तु की बारीकी से जांच की जा रही है।

सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट आने-जाने वाले सभी लोगों की कड़ी तलाशी ली जा रही है। कोर्ट परिसर के मुख्य द्वारों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके साथ ही पूरे परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

पुलिस प्रशासन ने बताया कि धमकी भरा ईमेल भेजने वाले व्यक्ति या समूह की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। साइबर सेल की मदद से ईमेल की तकनीकी जांच की जा रही है और उसके स्रोत का पता लगाया जा रहा है।

अधिकारियों के अनुसार, अब तक किसी भी प्रकार की संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा को लेकर कोई भी जोखिम नहीं लिया जा रहा। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल जांच जारी है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित