रांची , दिसंबर 20 -- झारखंड की राजधानी रांची स्थित रांची विश्वविद्यालय में दो दिवसीय इंटर कॉलेज युवा महोत्सव 'रीझ-रंग 2025-26' का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।
18 और 19 दिसंबर को आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक, साहित्यिक और रचनात्मक प्रतियोगिताओं के कुल 26 इवेंट्स के विजेताओं को 20 दिसंबर को आर्यभट्ट सभागार में पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह में सभी इवेंट्स में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मंच पर आमंत्रित कर डीएसडब्ल्यू डॉ. सुदेश कुमार साहु, रजिस्ट्रार डॉ. जी.सी. साहु, मारवाड़ी कॉलेज के प्राचार्य मनोज कुमार सिन्हा, परीक्षा नियंत्रक डॉ. संजय कुमार सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों ने विद्यार्थियों के प्रतिभा प्रदर्शन की सराहना की और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
समारोह की शुरुआत डोरंडा कॉलेज और योगदा सत्संग कॉलेज के छात्रों द्वारा प्रस्तुत कुलगीत, राष्ट्रगीत और पारंपरिक करसा नृत्य से हुई। करसा नृत्य के सांस्कृतिक महत्व पर डॉ. वनीता एक्का ने विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं संत जेवियर कॉलेज, सिमडेगा के छात्रों ने क्रिएटिव कोरियोग्राफी में शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में डोरंडा कॉलेज, योगदा सत्संग कॉलेज, संत जेवियर कॉलेज सिमडेगा, निर्मला कॉलेज, रांची वीमेंस कॉलेज और मारवाड़ी कॉलेज के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। फोक ट्राइबल डांस, क्रिएटिव कोरियोग्राफी, फोक ऑर्केस्ट्रा, क्लासिकल डांस, क्विज, हिंदी एवं इंग्लिश वाग्मिता समेत डिबेट, ग्रुप सॉन्ग, माइम, मिमिक्री, स्किट, वन-एक्ट प्ले, पोस्टर मेकिंग, रंगोली, क्ले मॉडलिंग और कार्टूनिंग जैसे इवेंट्स में विजेताओं को सम्मानित किया गया।
इन सभी विजेता प्रतिभागियों को अब ओडिशा में आयोजित होने वाले ईस्ट जोन युवा महोत्सव में रांची विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. स्मृति सिंह ने किया। उन्होंने विजेता छात्रों को आगामी ईस्ट जोन प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। डीएसडब्ल्यू डॉ. सुदेश कुमार साहु ने छात्रों को बधाई देते हुए आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी प्राध्यापकों, कर्मचारियों और आयोजन समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
ज्ञात हो कि इस महोत्सव की तैयारियों में डॉ. सुदेश साहु, डॉ. स्मृति सिंह, डॉ. किशोर सुरीन, सुजीत कुमार शर्मा, डॉ. मनोज कुमार सिन्हा, सीसीडीसी डॉ. पी.के. झा सहित विभिन्न कॉलेजों और विभागों के प्राचार्य एवं शिक्षक कई दिनों से सक्रिय रूप से जुटे हुए थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित