रांची , अप्रैल 04 -- झारखंड के रांची रेलवे स्टेशन में सुरक्षा बलों ने कमांडेंट पवन कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन सतर्क के अंतर्गत आज 18 बोतल अवैध शराब बरामद की गई।
आरपीएफ पोस्ट रांची एवं फ्लाइंग टीम रांची, पोस्ट कमांडर रांची के पर्यवेक्षण में रांची रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध वस्तुओं के विरुद्ध सघन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान ट्रेन संख्या 18624 एक्सप्रेस में शाम कोच संख्या ए-1 के सीट संख्या 31 पर एक संदिग्ध व्यक्ति को एक काले रंग के ट्रॉली बैग एवं एक काले रंग के पिट्ठू बैग के साथ देखा गया।
संदेह के आधार पर उक्त व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई, जिसने अपना नाम राजेंद्र सिंह (उम्र लगभग 72 वर्ष), पिता- स्व. यादुबीर सिंह, निवासी- दाउलतपुर, थाना- फतुहा, जिला- पटना (बिहार) बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से कुल 18 बोतल अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी कुल कीमत लगभग Rs.14,000/- आंकी गई।
पूछताछ में उक्त व्यक्ति ने स्वीकार किया कि उसने यह शराब रांची के रातू क्षेत्र से खरीदी थी और ट्रेन संख्या 18624 एक्सप्रेस से बिहार ले जाकर अधिक कीमत पर बेचने का इरादा था। इसके उपरांत उक्त व्यक्ति को उतारकर जब्ती की कार्रवाई की गई तथा उसे गिरफ्तार किया गया। बाद में उसे एवं जब्त सामग्री को 04 अप्रैल को आगे की कार्रवाई के लिए उसे आबकारी विभाग, रांची के समक्ष प्रस्तुत किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित