रांची , फरवरी 01 -- झारखंड की राजधानी रांची में जुआ और प्रतिबंधित नशीले पदार्थ ब्राउन शुगर के अवैध धंधे को संरक्षण देने की कथित संलिप्तता के आरोप में रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने पांच पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

सभी निलंबित पुलिसकर्मी टाइगर मोबाइल और पीसीआर वैन में तैनात थे।

बीते कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर दो अलग-अलग वीडियो तेजी से वायरल हो रहे थे। पहले वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी जुआ खेलने वाले लोगों से कथित तौर पर पैसे की वसूली करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था।

वहीं दूसरे वीडियो में एक महिला ने टाइगर मोबाइल वैन के जवानों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का दावा है कि पुलिसकर्मी इलाके में ब्राउन शुगर की बिक्री करने देने के बदले उनसे पैसे की मांग करते थे। महिला के इस बयान को काफी सनसनीखेज माना जा रहा है, जिससे पूरे मामले की गंभीरता और बढ़ गई।

सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद एसएसपी राकेश रंजन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए। प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद पांचों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधियों में संलिप्तता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एसएसपी रांची ने निलंबन के साथ-साथ सभी संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू करने के निर्देश भी जारी कर दिए हैं।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस पूरे मामले को लेकर रांची सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि वायरल वीडियो कुछ दिन पुराने हैं, जिनमें पुलिसकर्मी अनैतिक और गैरकानूनी गतिविधियों में लिप्त पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी दोषीपुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है और विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित