रांची , फरवरी 01 -- झारखंड की राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में बीती रात एक व्यक्ति की हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

गुलमोहर पार्क के समीप हुए हमले में मधेश्वर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके बेटे अंकित सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि मधेश्वर सिंह और उनके बेटे को रास्ते में रोककर कुछ लोगों ने बेरहमी से पीटा। हमलावरों ने मारपीट के दौरान लूटपाट भी की। गंभीर रूप से घायल अंकित सिंह को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

हत्या की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। रविवार को दिन में बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और लालपुर चौक पर सड़क जाम कर दिया। जाम के कारण उस रूट पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। लोगों का कहना था कि क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस की गश्ती नाकाफी है।

सूचना मिलते ही प्रशिक्षु आईपीएस साक्षी जमुआर, लालपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार और सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया और निष्पक्ष व तेज कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में दो संदेही आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस से मिले आश्वासन और गिरफ्तारियों की जानकारी के बाद प्रदर्शनकारियों का गुस्सा शांत हुआ और सड़क जाम हटा लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित