रांची , मार्च 03 -- झारखंड की राजधानी रांची के हिनू इलाके में होली से पहले अवैध शराब कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आज एक मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।
मौके से रौनक कुमार, पवन कुमार और मुन्ना को गिरफ्तार किया गया है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी चोरी की बाइक और स्कूटी के जरिए शहर में घूम-घूमकर शराब की डिलीवरी करते थे। छापेमारी के दौरान एक स्कूटी और एक बाइक जब्त की गई, जिनका उपयोग अवैध शराब की ढुलाई में किया जाता था।
यह अवैध धंधा शहर के हिनू इलाके में एक रिहायशी मकान के भीतर गुपचुप तरीके से संचालित किया जा रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर विभागीय टीम ने सुनियोजित ढंग से छापेमारी कर भारी मात्रा में तैयार अवैध शराब बरामद की।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, आरोपी लंबे समय से घर के भीतर ही शराब निर्माण और पैकेजिंग का कार्य कर रहे थे। छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में तैयार शराब की बोतलें, खाली बोतलें, ढक्कन, कार्क, रैपर तथा शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरण जब्त किए गए। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि तैयार अवैध शराब को शहर के विभिन्न इलाकों में सप्लाई किया जा रहा था।
होली के मद्देनजर शराब की बढ़ती मांग को देखते हुए आरोपियों ने बड़े पैमाने पर उत्पादन और वितरण की तैयारी कर रखी थी। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी ऑनलाइन ऑर्डर लेकर नकली शराब की बिक्री करते थे। उत्पाद विभाग के सब इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
।उत्पाद विभाग ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित