रांची , फरवरी 06 -- झारखंड की राजधानी रांची के पुंदाग ओपी क्षेत्र में 16 वर्षीय वसीम मंसूरी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हत्या प्रेम प्रसंग से जुड़े पुराने विवाद के कारण की गई थी। पंडरा मुस्लिम बस्ती निवासी वसीम मंसूरी का शव 4 फरवरी को लाजपत नगर स्थित अनसूल अपार्टमेंट के सामने एक निर्माणाधीन अपार्टमेंट के लिफ्ट शाफ्ट में भरे पानी से बरामद किया गया था। वसीम 2 फरवरी से लापता था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, वसीम की हत्या उसके साथ काम करने वाले साहिद असारी ने अपने साथी मुसरफ असारी के साथ मिलकर की। दोनों ने चाकू और लाठी से वसीम पर कई वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी और शव को छिपाने के उद्देश्य से निर्माणाधीन भवन के लिफ्ट स्पेस में बने पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया।
रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि शव मिलने के बाद पुंदाग ओपी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हटिया डीएसपी के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। टेक्निकल सेल की मदद से संदेह के आधार पर साहिद और मुसरफ को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि साहिद का वसीम की एक रिश्तेदार युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। 15 जनवरी 2026 को लोहरदगा में इस बात को लेकर विवाद हुआ था, जहां वसीम और उसके परिजनों ने साहिद की पिटाई की थी और जान से मारने की धमकी दी थी। इसी रंजिश में साहिद ने बदला लेने की योजना बनाई।
2 फरवरी को दोनों आरोपियों ने काम के बहाने वसीम को लाजपत नगर पुंदाग स्थित निर्माणाधीन भवन के प्रथम तल के कमरे में बुलाया और वहां उसकी हत्या कर दी।
अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने खून लगा चाकू, डंडा, खून से सने कपड़े तथा दोनों आरोपियों के स्मार्टफोन बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित