रांची , मार्च 24 -- झारखंड की राजधानी रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कान्दू बिजली ग्रिड में देर रात बेखौफ चोरों सब स्टेशन के एसएसटी 33/.4 केवी ट्रांसफार्मर्स को निशाना बनाते हुए लगभग 1000 किलो कॉपर कॉइल काटकर अपने साथ ले गए।

चोरी की वारदात रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है.मामले की जानकारी मिलने के बाद बिजली विभाग में हड़कंप बच गया। इतने बड़े पैमाने पर कॉपर कॉइल की चोरी ने बिजली ग्रिड की सुरक्षा पर भी बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

बिजली विभाग के अधिकारियों के मुताबिक 1000 कॉपर कॉइल की कीमत 25 लाख रुपए से भी ज्यादा है। चोरी की सूचना मिलते ही हेड क्वार्टर वन डीएसपी अमर कुमार पांडे, इंस्पेक्टर असित मोदी और थाना प्रभारी सतीश पांडे दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों को खंगालने में जुट गई। वहीं, सुराग हासिल करने के लिए एफएसएल को भी बुलाया गया है।

पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश पांडेय ने बताया कि चोरी की वारदात की जांच की जा रही है। अपराधियों का पता लगाने के लिए मौके पर डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम बुलाई गई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इतनी बड़ी मात्रा में कॉपर ले जाने के पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित