रांची , अप्रैल 22 -- झारखंड की राजधानी रांची के पंडरा में जमीन कारोबारी भार्गव सिंह हत्याकांड के आरोपी कुख्यात अपराधी सत्यम पाठक और पुलिस टीम के बीच बुधवार सुबह जबर्दस्त मुठभेड़ हुई।

इस मुठभेड़ में सत्यम पाठक घायल हो गया, जबकि पुलिस का एक जवान भी जख्मी हुआ है।

रांची एसएसपी ने बताया कि आरोपी सत्यम पाठक ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया था कि उसने कांके डैम के पास दो हथियार छिपाकर रखे हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम उसे लेकर हथियार बरामदगी के लिए कांके डैम पहुंची थी। इसी दौरान सत्यम पाठक ने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और फायरिंग करते हुए फरार होने की कोशिश की।

अचानक हुई फायरिंग में एक जवान घायल हो गया। स्थिति को नियंत्रण में करने और आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सत्यम पाठक के दोनों पैरों में गोली लगी। उसके हाथ में भी चोट आई है। घायल अपराधी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सत्यम पाठक धुर्वा के पूर्व पार्षद और भाजपा नेता वेद प्रकाश सिंह हत्याकांड में भी शामिल था।

ज्ञातव्य है कि 7 जुलाई 2024 की शाम धुर्वा बस स्टैंड के पास बाइक सवार तीन अपराधियों ने वेद प्रकाश सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। गोली उनकी गर्दन में लगी थी। गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए एम्स दिल्ली भेजा गया था, जहां 3 अगस्त 2024 को उनकी मृत्यु हो गई थी।

इस मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और आरोपी से जुड़े अन्य आपराधिक नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित