रांची , फरवरी 06 -- झारखंड की राजधानी रांची के प्रसिद्ध कारोबारी और जेडी हाई स्ट्रीट मॉल के मैनेजिंग डायरेक्टर 45 वर्षीय अनुराग सरावगी ने देर रात ब्लेयर अपार्टमेंट की छठी मंजिल से कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।

घटना के समय वह फ्लैट में अकेले थे, जबकि पत्नी व दोनों बच्चे तमिलनाडु में रिश्तेदारों से मिलने गए थे।

अपार्टमेंट के सुरक्षा गार्ड के अनुसार, रात में ऊपर से गिरने की तेज आवाज सुनाई दी। दौड़कर मौके पर पहुंचे तो अनुराग का शव जमीन पर पड़ा मिला, जहां उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। उनका मोबाइल फोन चकनाचूर हो गया, जिसे फॉरेंसिक टीम ने जब्त कर लिया। अपार्टमेंट के पहले फ्लोर पर उनके वृद्ध माता-पिता मौजूद थे, जबकि दूसरे फ्लोर का फ्लैट अंदर से बंद मिला।

घर की नौकरानी ने पुलिस को बताया, "साहब घर लौटे तो फोन पर किसी से जोर-जोर से बहस कर रहे थे और बेहद उत्तेजित थे। अचानक बाहर चले गए, फिर बालकनी से गिरने की आवाज आई।" प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है।

कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने आज बताया कि"प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लगता है, लेकिन सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है। एफएसएल टीम ने मौके का मुआयना किया। शव को सदर अस्पताल के लिए पोस्टमार्टम भेजा गया है।

पत्नी के रांची लौटने पर उनसे पूछताछ होगी।"पुलिस सभी वैज्ञानिक जांच करवा रही है। परिजनों को सूचना दे दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित