रांची , फरवरी 04 -- झारखंड की राजधानी रांची के खादगढ़ा बस स्टैंड में पिछले दो दिनों से खड़ी बसों में लग रही रहस्यमयी आग की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है।

इस मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो जानबूझकर खड़ी बसों को आग के हवाले कर रहा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अर्जुन भोक्ता के रूप में हुई है, जो सिकिदरी का रहने वाला बताया गया है।

ज्ञातव्य है कि 01 फरवरी को दोपहर करीब 2:30 बजे खादगढ़ा बस स्टैंड में अचानक खड़ी बसों में आग लग गई थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कुल छह बसें जलकर राख हो गईं। इस घटना से बस मालिकों और यात्रियों में भारी अफरा-तफरी मच गई थी।

अभी इस घटना की जांच चल ही रही थी कि 02 फरवरी को बस टर्मिनल के सामने खड़ी एक और सिटी बस में दोबारा आग लगा दी गई। हालांकि, इस बार पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

लोअर बाजार थाना पुलिस ने जब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो 02 फरवरी की घटना में एक संदिग्ध व्यक्ति को बस में आग लगने से ठीक पहले हाथ में कपड़ा लेकर बस के भीतर प्रवेश करते हुए देखा गया। उसके बाहर निकलते ही बस में आग भड़क उठी।

इसी आधार पर जब 01 फरवरी की घटना की फुटेज की दोबारा बारीकी से जांच की गई, तो यह सामने आया कि जिस पहली बस से आग की शुरुआत हुई थी, उसके पास से भी वही व्यक्ति आग लगने के करीब पांच मिनट पहले गुजरता हुआ नजर आया था।

संदेह के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर अर्जुन भोक्ता को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से आगजनी में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण भी बरामद किए गए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके मकसद की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित