रांची , दिसंबर 26 -- झारखंड की राजधानी रांची के अरगोड़ा-कटहल मोड़ रोड स्थित पर्ल ऑर्किड अपार्टमेंट की 12वीं मंजिल पर गुरुवार को अचानक भीषण आग लग गई।

इस घटना से अपार्टमेंट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और दहशत के माहौल में लोग जान बचाने के लिए अपने-अपने फ्लैट से बाहर निकलने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की शुरुआत अचानक हुई। पहले 12वीं मंजिल से धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके कुछ ही देर बाद आग की लपटें भी नजर आने लगीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। आग की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया गया। एहतियातन अपार्टमेंट में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

दमकलकर्मियों को ऊपरी मंजिल तक पानी पहुंचाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब एक घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस और फायर विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि अपार्टमेंट में अग्नि सुरक्षा से जुड़े मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित