रांची , दिसंबर 27 -- झारखंड की राजधानी रांची के अरगोड़ा चौक के समीप देर रात एक हार्डवेयर की दुकान में भीषण आग लग गई।

आग इतनी तेज थी कि सत्यम हार्डवेयर नामक यह दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात दुकान से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके कुछ ही देर बाद आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। हार्डवेयर की दुकान होने के कारण अंदर रखे ज्वलनशील पदार्थ जैसे पेंट, थिनर, प्लास्टिक और अन्य केमिकल सामान ने आग को और भड़का दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया।

स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

हालांकि, तब तक दुकान में रखा सारा सामान जलकर खाक हो चुका था। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस अगलगी में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

ज्ञातव्य है कि एक दिन पहले भी पुराना अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित पर्ल आर्किड अपार्टमेंट में भीषण आग लगने की घटना सामने आई थी। पर्ल आर्किड अपार्टमेंट में लगी आग सबसे ऊपरी मंजिल पर लगी थी, जिससे पूरे अपार्टमेंट में हड़कंप मच गया था। उस घटना में भी किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली थी, लेकिन एक फ्लैट का पूरा सामान जलकर राख हो गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित