भरतपुर , मार्च 13 -- राजस्थान में भरतपुर संभाग के सवाईमाधोपुर, करौली एवं डीग जिला मुख्यालयों पर शुक्रवार को रसोई गैस की किल्लत को लेकर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार के खिलाफ खाली सिलेंडरों के साथ विरोध प्रदर्शन किये।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला भी जलाया। सवाईमाधोपुर में प्रदर्शन करते कांग्रेस के नेताओ ने धरना स्थल पर ईंट का चूल्हा बनाकर लकड़ियां जलाकर चाय बनाई और कार्यकर्ताओं को चूल्हे पर बनी चाय पिलाई गई।

प्रदर्शनकारियों ने देश में वर्तमान हालात के लिए प्रधानमंत्री की अमेरिकापरस्त नीतियों को जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया कि श्री मोदी अमरीका के राष्ट्रपति के सामने नतमस्तक हो गये हैं। देश में महंगाई बढ़ रही है और केंद्र सरकार लोगों को सिर्फ गुमराह कर रही है। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से गैस की कीमतें कम करने और आपूर्ति बढ़ाने की मांग भी की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित