कानपुर , मार्च 10 -- कानपुर के जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। जिलाधिकारी ने मंगलवार को कैंप कार्यालय में एलपीजी गैस की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में एडीएम (सिविल सप्लाई) राजेश कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार सिंह तथा पेट्रोलियम कंपनियों इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि जनपद में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति श्रृंखला सामान्य रूप से चल रही है। वर्तमान में जिले में कुल 11,44,075 सक्रिय उपभोक्ता हैं, जिनमें इंडियन ऑयल के 7,15,814, भारत पेट्रोलियम के 2,21,252 और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 2,07,009 उपभोक्ता शामिल हैं। सभी उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं और वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है।
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर कड़ी नजर रखी जाए। यदि कोई व्यक्ति घरेलू सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग करते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने गैस कंपनियों को निर्देश दिया कि सिलेंडरों की आपूर्ति 'फर्स्ट इन, फर्स्ट आउट' के आधार पर की जाए, ताकि जिस उपभोक्ता ने पहले बुकिंग कराई है उसे प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडर मिल सके। साथ ही उन्होंने कहा कि घरेलू सिलेंडरों की डिलीवरी उपभोक्ताओं के घर पर ही की जाएगी और ओटीपी व्यवस्था अनिवार्य रूप से लागू रहेगी।
उन्होने नागरिकों से अपील की कि गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि जनपद में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
बैठक में बताया गया कि जनपद में कुल 319 पेट्रोल पंप संचालित हैं, जहां पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। इसके अलावा जिले में करीब 11 हजार कमर्शियल गैस कनेक्शन हैं। अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित