वाराणसी , जनवरी 29 -- संत रविदास जी की जयंती में शामिल होने के लिए डेरा सचखंड बल्लां के गद्दीनशीन संत निरंजन दास जी महाराज 30 जनवरी को सैकड़ों श्रद्धालुओं के साथ स्पेशल ट्रेन से जालंधर से काशी पहुंचेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी आमंत्रण भेजा गया है, हालांकि अभी तक उनकी ओर से आगमन की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
श्री गुरु रविदास जन्म स्थान पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट के ट्रस्टी एल. सरोवा ने बताया कि संत निरंजन दास महाराज के साथ सेवादारों का जत्था काशी पहुंच रहा है। पंजाब, दिल्ली, मुंबई, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर सहित देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो चुका है।
उन्होंने बताया कि माघ पूर्णिमा के महापर्व पर आयोजित गुरु रविदास जयंती में शामिल होने के लिए अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन समेत कई देशों से प्रवासी भारतीय भी काशी पहुंचने लगे हैं। श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए मंदिर से कुछ दूरी पर अलग-अलग राज्यों के अनुसार टेंट (पंडाल) लगाए गए हैं तथा लंगर की व्यवस्था भी प्रारंभ कर दी गई है।
ट्रस्टी ने बताया कि मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और पाठ का सिलसिला लगातार जारी है। संत निरंजन दास जी महाराज शुक्रवार को दोपहर बाद काशी पहुंचेंगे। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और कांग्रेस के शीर्ष नेताओं को भी आमंत्रण दिया गया है, लेकिन फिलहाल किसी के आगमन की पुष्टि ट्रस्ट को नहीं मिली है। सेवा कार्यों के लिए पंजाब से तीन से अधिक ट्रकों में चावल, आटा, दाल सहित अन्य खाद्य सामग्री काशी पहुंच चुकी है और सैकड़ों सेवादार व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।
संत रविदास जी की जयंती को लेकर वाराणसी पुलिस ने गुरुवार को यातायात एडवाइजरी जारी कर दी है। संत रविदास जी का जन्मोत्सव एक फरवरी को मनाया जाएगा, जबकि जयंती से जुड़े कार्यक्रम 30 जनवरी से एक फरवरी 2026 तक प्रस्तावित हैं। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था और नगरवासियों के सुगम यातायात को ध्यान में रखते हुए 30 जनवरी की सुबह आठ बजे से एक फरवरी की रात 12 बजे तक ट्रैफिक रोक और डायवर्जन लागू रहेगा।
एडवाइजरी के तहत भगवानपुर मोड़, रमना चौकी तिराहा, संत रविदास मंदिर तिराहा, मारुति नगर तिराहा, लोटूबीर अंडरपास, रविदास गेट, अमेठी कोठी तिराहा, नगवा चौकी और नरिया तिराहा समेत कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा तथा वैकल्पिक मार्गों से यातायात डायवर्ट किया जाएगा। शहर के अंदर बसों के लिए भी आवश्यक डायवर्जन की व्यवस्था की गई है।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे जारी निर्देशों का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि भीड़भाड़ और असुविधा से बचा जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित