नयी दिल्ली, (वार्ता) राहुल गांधी द्वारा संसद के बाहर केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को 'ट्रेटर फ्रेंड' कहे जाने पर केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बुधवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में इसे न केवल व्यक्तिगत टिप्पणी बल्कि सिख समुदाय का अपमान बताया।
श्री पुरी ने कहा कि 'ट्रेटर' शब्द का अर्थ गद्दार होता है और यह उस व्यक्ति के लिए इस्तेमाल किया जाता है, जिसने देश के साथ गद्दारी की हो या देश की गोपनीय जानकारी दुश्मन को दी हो। उन्होंने कहा कि इस तरह का शब्द किसी के लिए भी प्रयोग करना बेहद गंभीर और आपत्तिजनक है।
उन्होंने कहा कि श्री रवनीत सिंह बिट्टू केवल लुधियाना के सांसद ही नहीं हैं, बल्कि वह ऐसे परिवार से आते हैं जिसने देश के लिए बलिदान दिया है। उनके दादा और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की आतंकवादियों द्वारा हत्या की गयी थी। ऐसे में श्री बिट्टू को गद्दार कहना सिख समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सिख धर्म का मूल संदेश मानवता और राष्ट्रभक्ति है। देश की कुल आबादी में सिखों की हिस्सेदारी करीब दो प्रतिशत है, लेकिन भारतीय सेना में उनका प्रतिनिधित्व 20 प्रतिशत से अधिक है। उन्होंने कहा कि सिख समुदाय ने देश की एकता और अखंडता के लिए हमेशा बलिदान दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित