चित्तौड़गढ़ , दिसम्बर 19 -- राजस्थान में चितौड़गढ शहर में एक महीने पूर्व दिनदहाड़े कूरियर व्यवसायी की गोली मारकर हत्या के संदिग्ध आरोपी संत ने फरारी में रहते शुक्रवार को न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि गत 12 नवम्बर को शहर में एक मोटर साइकिल सवार शूटर उत्तरप्रदेश के बनारस निवासी मनीष दुबे ने कूरियर व्यवसायी रमेश ईनाणी की गोली मारकर हत्या कर दी थी जिसे पुलिस ने उसी दिन चार घंटे में गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी ने आठ दिन पुलिस अभिरक्षा में रहते हुए भी मृतक के पुत्र द्वारा रिपोर्ट में रामस्नेही संत रमताराम महाराज को आरोपी बनाया था, लेकिन शूटर ने अपराध नहीं कुबूला था।
पुलिस ने बताया कि आरोपों के पीछे रामद्वारा के पीछे स्थित एक भूमि विवाद को आधार बताया गया जो मृतक एवं रमताराम के बीच राजस्व न्यायालय में लम्बे समय से विचाराधीन था। गोलीबारी की घटना से करीब 15 दिन पहले ही मृतक के पक्ष में निर्णय आया था।
हत्या करने वाले शूटर ने भले संत रमताराम का नाम नहीं लिया, लेकिन पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य एकत्र कर लिए जिसके दौरान दबाव पड़ने पर संत फरार हो गया। उसने 24 दिन फरार रहने के बाद आज जिला सत्र न्यायालय में खुद को बेगुनाह बताते हुए अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की , जिस पर शनिवार को सुनवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित