भोपाल , दिसंबर 18 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सेंव, सोना और साड़ी के लिए रतलाम की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान है। इन्हीं कारणों से रतलाम ने अपनी अलग पहचान बनाई है। रतलाम स्वाभिमानी और पुरुषार्थी लोगों की नगरी है, जहां के लोग अपने कार्य के बल पर सम्मान अर्जित करते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को रतलाम को इंदौर मेट्रोपोलिटिन रीजन में शामिल किए जाने पर संवाद भवन स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रतलाम में औद्योगिक विकास की संभावनाएं पहले से ही असीमित हैं। इन संभावनाओं को साकार करने के उद्देश्य से रतलाम को मेट्रोपोलिटिन क्षेत्र में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि नागदा और खाचरौद पहले ही मेट्रोपोलिटिन रीजन में शामिल किए जा चुके हैं, ऐसे में रतलाम को शामिल करना स्वाभाविक निर्णय था। अब इंदौर, उज्जैन और रतलाम के साथ आने से मेट्रोपोलिटिन रीजन का विकास ट्रिपल इंजन की समन्वित शक्ति से होगा।
एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप ने कहा कि बगैर किसी मांग के रतलाम को मेट्रोपोलिटिन रीजन में शामिल किया जाना रतलामवासियों के लिए एक बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में मध्यप्रदेश ने विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। वर्ष 2025 में भोपाल में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट, विभिन्न संभागों में रीजनल इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव और मेट्रोपोलिटिन रीजन की अवधारणा मुख्यमंत्री डॉ. यादव के व्यापक विकास दृष्टिकोण को दर्शाती है। रतलाम के प्रभारी मंत्री डॉ. विजय शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाले मुख्यमंत्री हैं।
समारोह में रतलाम के संयुक्त व्यापारी संघ, सराफा एसोसिएशन, खेल संगठन, ग्रेन मर्चेंट संघ, बार एसोसिएशन, मेडिकल एसोसिएशन सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, रतलाम नगर निगम के महापौर प्रह्लाद पटेल, नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित