चुरु , मार्च 06 -- राजस्थान में चुरू जिले के रतनगढ़ शहर में शुक्रवार को किराना की एक दुकान से तीन लाख रुपये से भरा थैला चोरी हो गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि थैले में दुकान के बही-खाता भी थे। पूर्वी बाजार में ओमप्रकाश चौधरी की किराना की दुकान में सुबह उसके पुत्र पुनीत ने दुकान खोली ही थी, तभी तीन ग्राहक आ गये। ग्राहकों को दुकान पर आया देखकर पुनीत ने रुपये का थैला दुकान के अंदर गद्दी पर रख दिया। थैले में तीन लाख रुपये तथा दुकान के बही-खाता के कागजात थे।

पुलिस ने बताया कि पुनीत ग्राहकों को सामान देने लगा, तभी वहां एक युवक आया और उसने पुनीत से कहा कि उसकी चप्पलें दुकान के बाहर इतनी दूर क्यों पड़ी हैं। पुनीत चप्पलों को दुकान के पास लाने के लिए चला गया, तभी गद्दी पर रखा रुपये का थैला गायब हो गया। पुनीत को इसका कुछ देर बाद पता चला, जब ग्राहक सामान लेकर चले गये।

पुनीत ने तुरंत आसपास के दुकानदारों को बताया और पुलिस को भी घटना की सूचना दी। पुनीत की दुकान के सामने की दुकान पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। पुलिस ने कैमरों की फुटेज की जांच की। इसके बाद थैला ले जाने वाले संदिग्ध व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित