भरतपुर , जनवरी 13 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर जिले के रणथंभौर बाघ अभयारण्य में जोन नंबर चार में बाघिन रिद्धि के शावकों को अठखेलियां देखकर पर्यटक रोमांचित हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मलिक तालाब के पास अपनी मां से वनजीवन के गुर सीख रहे बाघिन रिद्धि के ढाई ढाई वर्ष के शावकों को बार बार पेड़ पर चढ़ते फिर पेड़ की शाखाओं पर चहलकदमी करने एवं छलांग लगाकर नीचे उतरते देख पर्यटक मंत्रमुग्ध ही गए।

वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार बाघ और बाघिन जब छोटे होते हैं तब वे पेड़ों पर आसानी से चढ़ जाते हैं। लेकिन जैसे-जैसे उनका वजन बढ़ता है, वे पेड़ों पर चढ़ना बंद कर देते हैं। इसलिए शावक को पेड़ पर चढ़ते देखना एक दुर्लभ और आकर्षक नजारा माना जाता है। इस दौरान उसकी मां बाघिन रिद्धि पेड़ के नीचे बैठी थी। मलिक तालाब के पास पर्यटकों को बाघिन रिद्धि और उसके दोनों शावकों के दीदार भी हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित