भरतपुर , मार्च 25 -- राजस्थान में सवाईमाधोपुर जिले के रणथंभौर बाघ अभयारण्य में मंगलवार रात रेडियो कॉलर लगे युवा बाघ आरबीटी-2407 के आबादी क्षेत्र में रामसिंहपुरा गांव में आने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार सूचना मिलने पर वन विभाग का दल रामसिंहपुरा गांव पहुंचा और ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

वन विभाग के सूत्रों ने बुधवार को बताया कि आरबीटी-2407 को हाल ही में रेडियो कॉलर लगाया गया है। इस कॉलर से उसकी रेडियो फ्रीक्वेंसी लगातार मिलती रहती है और उसकी निगरानी में मदद मिलती है। इससे वन विभाग को बाघ की गतिविधियों का अंदाजा रहता है।

सू्त्रों ने बताया कि झूमर बावड़ी वन क्षेत्र से बाघ के निकलते समय वन विभाग का दल मुस्तैद था। हालांकि बाघ देर रात रामसिंहपुरा गांव पहुंच गया जिससे बड़ी संख्या में लोग बाहर आ गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित