भरतपुर , अप्रैल 20 -- राजस्थान में सवाईमाधोपुर जिले के रणथंभौर बाघ अभयारण्य के जोन नंबर-9 में बाघ, तेंदुए और मध्य प्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान से आये चीता को एक साथ देखकर वन कर्मी अचंभित हो गये।

रणथंभौर बाघ अभयारण्य के इस दृश्य को रणथंभौर के इतिहास का दुर्लभ नजारा बताते हुए वन विभाग केसूत्रों ने सोमवार को इसका वीडियो एवं फोटो जारी किया। बाघ अभयारण्य के जोन नंबर-9 में खूंखार वन्यजीव बाघ, तेंदुआ और चीता को एक ही समय पर आसपास देखा जाना रोमांच भरा तो है ही साथ ही यह विस्मयकारी एवं अप्रत्याशित है। सूत्रों ने बताया कि इस दुर्लभ दृश्य को देखकर पर्यटकों के साथ पूरा विभाग भी रोमांचित है।

उल्लेखनीय है कि इस नजारे से ठीक पहले विभाग ने बाघ अभयारण्य के जोन नंबर-9 को बाघिन टी-127 एवं बाघ टी-107 के प्रभुत्व वाला क्षेत्र बताते यह आशंका व्यक्त की थी बाघ बाघिन वाले क्षेत्र में कुनो राष्ट्रीय उद्यान से निकल कर पहुंचे चीता केपी-2 के साथ किसी भी तरह का हादसा हो सकता है, लेकिन इस दृश्य ने सभी को चौंका दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित