भरतपुर , मार्च 23 -- राजस्थान में सवाईमाधोपुर जिले के रणथंभौर बाघ अभयारण्य में सोमवार को सुबह एक बाघिन (माही) को एक नन्हें परिंदे ने खूब छकाया।

'तू डालडाल मैं पातपात' वाली कहावत को चरितार्थ करते विश्वप्रसिद्ध रणथंभौर के जंगल में करीब 10 मिनिट के कौतूहल भरे अनोखे दृश्य को देखकर पर्यटक बेहद उत्साहित नजर आए और उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को अपने कैमरों में रिकॉर्ड कर लिया। वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि जोन-3 के पदम तालाब क्षेत्र में एक पेड़ पर बैठे हेरॉन पक्षी को दबोंचने के लिए बाघिन आरबीटी- 2504 'माही' पेड़ पर चढ़ गई।

सूत्रों ने बताया कि करीब 10 मिनट तक उसने हेरॉन के शिकार का प्रयास किया लेकिन उसे छकाते हुए नन्हा परिंदा कभी इस डाल पर तो कभी उस डाल पर उछल कूद करते हुए 'माही' का मुंह चिढ़ाता रहा और बाद में फुर्र उड़ गया। जब बाघिन माही शिकार करने में नाकाम रही तो वह झुंझलाहट में घोंसले में बैठे पक्षी के एक बच्चे को मुंह में दबोंचकर पेड़ से उतर गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित