भरतपुर , जनवरी 24 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर जिले के रणथंभौर में भालू के सामने बाघिन रिद्धि के शावक को समर्पण करते देख पर्यटक आश्चर्यचकित रह गए।

अपनी दहाड़ से जंगल के जानवरों में ख़ौफ़ पैदा कर देने वाले बाघ के शावक के भालू के सामने इस पलायन को पर्यटकों ने अपने कैमरों में भी कैद किया। पर्यटकों के साथ सफारी पर गए ट्यूरिस्ट गाइड ने बताया कि जोन-तीन और जोन-चार की सीमा पर एक बार तो भालू को देखते ही बाघिन रिद्धि का शावक आक्रामक हो गया। यह देख भालू भी हमले के इरादे से दोनों पैरों पर खड़ा हो गया।

गाइड ने बताया कि बाघ पहले थोड़ा दूर हटा फिर भालू के सामने बैठ गया। कुछ देर तक दोनों एक-दूसरे को घूरते रहे। फिर विपरीत दिशा में चले गए। भालू से बचने के लिए शावक थोड़ी दूर तक भागा भी। इसके बाद घास में बैठ गया।

संघर्ष से पहले ही बाघ द्वारा अचानक अपने रवैया बदल देने के दृश्य ने पर्यटकों को आश्चर्यचकित कर दिया। इस घटना पर वन्यजीव विशेषज्ञ का कहना है कि बाघिन रिद्धि का शावक अभी छोटा है, लिहाजा वह भालू का मुकाबला नहीं कर कर सकता।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित