नयी दिल्ली , फरवरी 10 -- रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने सऊदी अरब के रियाद में आयोजित वर्ल्ड डिफेंस शो में उच्चस्तरीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया और इसमें भारत पवेलियन का उद्घाटन किया। रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को एक वक्तव्य जारी कर कहा कि इस पवेलियन में सार्वजनिक क्षेत्र के रक्षा उपक्रमों एवं निजी भारतीय कंपनियों द्वारा भारत की विनिर्माण क्षमताओं का प्रदर्शन किया गया है। उन्होंने सऊदी अरब मिलिट्री इंडस्ट्रीज़ तथा सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय के प्रदर्शनी क्षेत्रों का भी दौरा किया और उनकी नवीनतम स्वदेशी प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में प्रगति की समीक्षा की। श्री सेठ ने सऊदी अरब के कार्यकारी मामलों के सहायक रक्षा मंत्री डॉ. खालिद बिन हुसैन अल-बियारी के साथ चर्चा की जिसमें दोनों देशों की सशस्त्र सेनाओं के बीच सहयोग एवं सहभागिता को और सुदृढ़ किया गया। उन्होंने सऊदी अरब जनरल अथॉरिटी फॉर डिफेंस डेवलपमेंट के गवर्नर डॉ. फालेह बिन अब्दुल्ला अल-सुलेमान से भी मुलाकात की और भारत के वैश्विक रक्षा निर्यात केंद्र के रूप में उभरने को रेखांकित किया। उन्होंने सऊदी अरब के अधिकारियों को भारत की अनुसंधान एवं विकास सुविधाओं का दौरा करने के लिए आमंत्रित किया जिससे कि रक्षा प्रौद्योगिकियों के सह-विकास के अवसरों का पता लगाया जा सके।

रक्षा राज्य मंत्री ने सऊदी अरब की जनरल अथॉरिटी ऑफ मिलिट्री इंडस्ट्रीज़ के गवर्नर अहमद बिन अब्दुलअज़ीज़ अल-ओहाली से भी भेंट की। इस दौरान रणनीतिक सहयोग के साझा क्षेत्रों तथा दोनों देशों की आपूर्ति श्रृंखला प्रणाली को मजबूत करने पर चर्चा हुई। रक्षा राज्य मंत्री ने सऊदी अरब के एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल के भारत दौरे का प्रस्ताव भी रखा, जिससे वे भारत की रक्षा क्षमताओं का प्रत्यक्ष अनुभव सकें।

भारतीय दूतावास में आयोजित कार्यक्रम में भारतीय एवं सऊदी रक्षा कंपनियों के प्रमुखों को संबोधित करते हुए रक्षा राज्य मंत्री ने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लिए भारत और सऊदी अरब के बीच संयुक्त सहयोग के महत्व पर बल दिया तथा "मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड" दृष्टिकोण के तहत वैश्विक सहयोग के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित