नयी दिल्ली , मार्च 26 -- सरकारी क्षेत्र के नेशनल हाउसिंग बैंक (एनएचबी) ने रक्षा/ सरकारी कर्मचारियों को उनकी पोस्टिंग वाली जगह से ही आसानी से आवास ऋण की सुविधा प्राप्त करने की सुविधा के लिए 'गृह सुगम पोर्टल' पेश किया है।
गुरुवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार किफायती आवास ऋण को बढ़ावा देने के लिए स्थापित एनएचबी की इस पहल से किफायती और टिकाऊ आवास वित्त को बढ़ावा देने के मिशन को मजबूती मिलेगी। रक्षाकर्मी, अर्द्धसैनिक बलों के सदस्य और सरकारी कर्मचारी (राज्य और केंद्र दोनों) अपनी-अपनी प्रशासनिक इकाइयों के माध्यम से डिजिटल रूप से आवास ऋण के लिए आवेदन कर सकते हैं। इससे उन्हें ऋण की मंजूरी और प्रोसेसिंग के लिए बैंकों या वित्तीय संस्थानों में जाने की कोई आवश्यकता नहीं होगी।
इस एक एकीकृत डिजिटल आवास ऋण बाजार मंच के माध्यम से आवास ऋण चाहने वाले अपने लिए सबसे उपयुक्त प्रस्ताव को ढ़ूंढ सकते हैं। यह पोर्टल सरकारी संस्थाओं को, पोर्टल पर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए पंजीकरण करने की सुविधा देता है। साथ ही, यह रक्षा/अर्द्धसैनिक बलों और सरकारी कर्मचारियों को भी अपनी-अपनी प्रशासनिक इकाइयों के माध्यम से पंजीकरण और आवेदन करने में मदद करता है। कर्मचारी बहुत कम जानकारी (डेटा) देकर आवास ऋण के लिए अपना अनुरोध दर्ज करते हैं, जिसे बाद में पंजीकृत ऋण देने वाले संस्थानों को भेज दिया जाता है। ऋण देने वाले संस्थान अपना सर्वोत्तम प्रस्ताव (ऑफर) प्रस्तुत करते हैं, जिसकी तुलना करके ऋण आवेदक अपनी पसंद का प्रस्ताव स्वीकार कर सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित