जयपुर , फरवरी 28 -- राजस्थान के जोबनेर स्थित श्री कर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय जोबनेर के परिसर में राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड, आनंद (गुजरात) और डेयरी सर्विसेज, दिल्ली के सहयोग से आयोजित दो दिवसीय 'रंगीलों किसान मेला - किसानों के संग, ग्रामीण समृद्धि के रंग' का भव्य समापन किया गया। मेले में विभिन्न राज्यों से आये दो दिवसीय किसान मेले में 31 हजार 103 किसानों ने शिरकत की।

समापन अवसर पर कुलगुरु प्रोफेसर डॉ पुष्पेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विश्वविद्यालय और किसानों के बीच सीधा संवाद स्थापित होता है और नयी तकनीकों का लाभ स्थानीय किसानों तक शीघ्रता से पहुंचता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि मेले में प्रदर्शित उन्नत तकनीकों और नवाचारों का सीधा लाभ क्षेत्र के किसानों को मिलेगा और उनकी आय में वृद्धि होगी।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के अध्यक्ष डॉ मीनेश शाह ने डेयरी क्षेत्र में शिक्षा, अनुसंधान एवं नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि श्री कर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय, जोबनेर के साथ मिलकर 'रंगीलो-26 किसान मेला' का यह प्रथम संयुक्त प्रयास अत्यंत सफल रहा और भविष्य में ऐसे आयोजनों से डेयरी क्षेत्र को नयी दिशा मिलेगी।

विश्वविद्यालय में आयोजित कृषि प्रदर्शनी में किसानों की भारी भीड़ देखने को मिली। प्रदर्शनी में विभिन्न फसलों की उन्नत किस्मों, आधुनिक कृषि यंत्रों और नवीन कृषि तकनीकों का प्रदर्शन किया गया। वैज्ञानिकों ने किसानों को आधुनिक खेती, गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन, संतुलित पोषण प्रबंधन और एकीकृत कीट प्रबंधन की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित