श्रीगंगानगर , मई 08 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के दो खूंखार बदमाशों को मुंबई की जेल से प्रोडक्शन वारंट पर हिरासत में लिया है।

ये दोनों आरोपी करीब छह महीने पहले एक प्रतिष्ठित कारोबारी एवं राजनीतिज्ञ से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और न देने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित थे।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार देर रात मुंबई से श्रीगंगानगर लाए गए इन दोनों बदमाशों को आज स्थानीय अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें प्रोडक्शन वारंट पर पुलिस हिरासत में भेज दिया। फिलहाल दोनों से कड़ी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि पूछताछ में कई और बड़े खुलासे होने की संभावना है। गिरफ्तार किए गए दोनों बदमाश उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के निवासी प्रदीप उर्फ गोलू पंडित और दीपक हैं। मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने इन दोनों सहित छह से ज्यादा बदमाशों को बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर पर रंगदारी वसूली की नीयत से गाेलीबारी करने के मामले में गिरफ्तार किया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित