श्रीगंगानगर , फरवरी 24 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सीमावर्ती अनूपगढ़ शहर में एक व्यापारी को व्हाट्सएप कॉल के जरिए जान से मारने की धमकी देकर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने मंगलवार को दो और युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक डाॅ अमृता दुहन ने बताया कि आज पवन अरोड़ा (22) और रवि सिंह (26) को पकड़ा गया। पवन इसी पीड़ित व्यापारी की दुकान पर 10 हजार रुपये महीने पर काम करता था। अब तक इस मामले में कुल छह युवकों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सभी आरोपियों पर एक कुख्यात सरगना से जुड़े होने का शक है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश करके पुलिस हिरासत में लिया है।
उल्लेखनीय है कि 17 फरवरी को एक व्यापारी ने अनूपगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 12 फरवरी को उसके मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति ने व्हाट्सएप कॉल कर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी और जान से मारने की धमकी दी। इस पर मामले में पुलिस ने धमकी देने वाले आरोपियों को चिन्हित करके गिरफ्तार किया इनमें महकदीपसिंह, उसका भाई अमरीकसिंह, जगदीपसिंह उर्फ प्रदीपसिंह और विशा शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित