लखनऊ , फरवरी 03 -- उत्तर प्रदेश बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में स्वर्गीय अनिल कुमार ध्यानी की स्मृति में योनेक्स-सनराइज यू.पी. स्टेट मास्टर्स (वेटर्न) बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 का आयोजन पांच से आठ फरवरी तक बीबीडी यूपी. बैडमिंटन एकेडमी, विपिन खण्ड, गोमती नगर में किया जाएगा। प्रतियोगिता अत्याधुनिक बैडमिंटन हाल में संपन्न होगी।
प्रतियोगिता में प्रदेश भर से 35 वर्ष से 80 वर्ष आयु वर्ग तक के लगभग 250 खिलाड़ी और 15 ऑफिशियल्स भाग लेंगे। इसी प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर उत्तर प्रदेश की टीम का चयन किया जाएगा, जो 18 से 25 मार्च 2026 तक गोवा में आयोजित राष्ट्रीय चैंपियनशिप में हिस्सा लेगी।
चैंपियनशिप का उद्देश्य वेटरन खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना, खेल भावना को बढ़ावा देना तथा स्वर्गीय अनिल कुमार ध्यानी के बैडमिंटन में योगदान को श्रद्धांजलि देना है। ध्यानी का संपूर्ण जीवन बैडमिंटन खेल के विकास और प्रचार-प्रसार को समर्पित रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित