वाराणसी , फरवरी 28 -- उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा वाराणसी के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने निर्देश दिया कि शासन की सभी योजनाओं की जानकारी हर जरूरतमंद तक अनिवार्य रूप से पहुंचाई जाए, ताकि पात्र लाभार्थी समय पर योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। सर्किट हाउस सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने सीएम डैशबोर्ड के आधार पर जनपद में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने में जिले के योगदान की विस्तृत समीक्षा की। मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बताया कि 30 विभागों की 85 योजनाओं में जनपद की रैंकिंग 40वीं है, जिनमें 65 योजनाओं को 'ए प्लस' ग्रेड प्राप्त हुआ है।

प्रभारी मंत्री ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी को सभी इंस्टॉलेशन की जांच कराने तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कोई पात्र व्यक्ति सब्सिडी से वंचित न रहे। सोलर स्ट्रीट लाइट ग्राम उन्नति योजना के अंतर्गत स्थापित लाइटों का विवरण जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।

उन्होंने पीएम कुसुम योजना, दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (डी-एनआरएलएम), प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण तथा मनरेगा की प्रगति की समीक्षा करते हुए समयबद्ध भुगतान और अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने पर बल दिया। विशेष रूप से मनरेगा श्रमिकों का शत-प्रतिशत भुगतान समय से कराने के निर्देश दिए।

जल निगम द्वारा पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत के निर्देश भी दिए गए। स्वच्छ भारत मिशन के तहत जनपद को प्रथम रैंक दिलाने के लिए विशेष प्रयास करने और इसे जनआंदोलन का रूप देने की अपील की गई। बैठक के अंत में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आश्वस्त किया कि सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्टाम्प एवं पंजीयन रविंद्र जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा, राय धर्मेंद्र सिंह, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, त्रिभुवन राम, डॉ. सुनील पटेल, डीएफओ श्रीमती स्वाति सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित