, May 5 -- मुख्यमंत्री ने बताया कि महेसरा से लखनऊ जाने के लिए जल्द ही माधोपुरए हाबर्ट बंधा होते हुए राजघाट तक के लिए फोरलेन कनेक्टिविटी मिल जाएगी। इसका निर्माण जारी है और बन जाने पर महेसरा से राजघाट जाने में महज पांच मिनट लगेंगे। इस फोरलेन के बन जाने पर तटबंध भी सुदृढ़ होगा।

गोरखपुर में मजबूत हुई रोड कनेक्टिविटी का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले गोरखपुर से लखनऊ जाने के लिए आठ से नौ घंटे लगते थे जबकि आज यह अधूरी तीन से साढ़े घंटे में पूरी हो जाती है। इसी तरह वाराणसी जाने में लगने वाला समय भी घटकर ढाई घंटे हो गया है। योगी ने बताया कि जंगल कौड़िया से जगदीशपुर तक बन रहे फोरलेन बाईपास से महेसरा से होकर कुशीनगर जाने में सिर्फ आधे घंटे लगेंगे।

योगी ने कहा कि गति जितनी तेज होगी, विकास भी उतना ही तेज होगा। विकास जितना तेज होगा, उतनी ही तेजी से व्यक्ति, समाज और राष्ट्र की समृद्धि होगी। इसी समृद्धि के लिए गोरखपुर का विस्तार किया जा रहा है और जंगल कौड़िया, जगदीशपुर बाईपास रोड इस विस्तार का आधार बनेगा। उन्होंने कहा कि एम्स, बीआरडी की सुदृढ़ता, आयुष विश्वविद्यालय और अनेक नई सुविधाओं के विकास से लोगों को राहत मिली है। युवाओं के लिए रोजगार, महिलाओं के स्वावलंबन, कारोबार में वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि जब नए निवेश आएंगे तो रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के बाद उनकी सरकार ने गोरखपुर की छवि को बदला है। पहले गोरखपुर की पहचान मच्छर और माफिया से होती थी। अब यहां माफिया भी गायब है और मच्छर भी गायब है। अब गोरखपुर की पहचान सुरक्षा, स्वच्छता, समृद्धि और मजबूत सड़कों से है। अब यहां का नौजवान पहचान का मोहताज नहीं है बल्कि वह सीना तानकर बताता है कि वह गोरखपुर का है।

मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि जिनकी कार्यप्रणाली भ्रष्ट थी, जो माफिया पालते थे, अराजकता फैलाते थे, उन्होंने प्रदेश की पहचान को शक के दायरे में ला दिया था। अब प्रदेश को लेकर पूरे देश में कोई भी शक की निगाह से नहीं देखता। उनकी सरकार ने सुरक्षा का माहौल और समृद्धि देकर राज्य को मजबूत पहचान दिलाई है।

लोकार्पण और शिलान्यास समारोह में मुख्यमंत्री योगी कल्याण मंडपम और अन्य विकास परियोजनाओं की खूबी भी बताई और कहा कि कल्याण मंडपम अल्प और मध्य आयवर्ग के लोगों के सार्वजनिक कार्यक्रमों को भव्य और यादगार बनाने का माध्यम बनेगा। उन्होंने बताया कि शहर में कुल नौ कल्याण मंडपम या तो बन गए हैं या निर्माणधीन है। इसे बनाने के लिए उन्होंने अपनी विधायक निधि से राशि दी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि आज जिस एकीकृत मंडलीय कार्यालय का शिलान्यास हुआ है वहां सभी मंडलीय अधिकारी एक ही छत के नीचे जनता के लिए उपलब्ध रहेंगे। हर तबके के आवासीय सुविधा के लिए कुश्मी एंक्लेव का शिलान्यास हुआ है। ये सभी परियोजनाएं बेहतर सुविधा बनाने और नागरिकों के सपनों में उड़ान का माध्यम बनेंगी। इससे लोगों का जीवन आसान होगा और वे अपना काम सरलता से कर सकेंगे।

लोकार्पण और शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि बिना भेदभाव सबको विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही पीएम मोदी व सीएम योगी का लक्ष्य है। रविकिशन ने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 2027 में यूपी विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत होगी। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के चुनाव ने यह बता भी दिया है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि विकास और जन कल्याण ही सीएम योगी का ध्येय है। उनके नेतृत्व में गोरखपुर सहित पूरे प्रदेश में विकास की गंगा बह रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित