लखनऊ , मार्च 04 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रंग, उमंग और उल्लास के पावन पर्व होली के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।

श्री योगी ने अपने संदेश में कहा है कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने का पावन अवसर है।

शुभकामना संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा है कि यह उत्सव समाज में सद्भाव, सौहार्द और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। होली का पर्व हमें सभी भेदभाव भुलाकर एक-दूसरे के साथ खुशियां बांटने और सामाजिक एकता को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।

श्री योगी ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे पारंपरिक गरिमा, आपसी सम्मान और सद्भाव के साथ इस पर्व को हर्षोल्लासपूर्वक मनाएं तथा समाज में शांति, सौहार्द और भाईचारे का वातावरण बनाए रखें।

इस बीच, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने अपील की है कि लोग अपनों के साथ शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाएं। अगर किसी प्रकार की बाधा डालने की कोशिश की गई तो पुलिस हर जगह तैनात की गई है। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी।

उन्होंने कहा है कि उत्तर प्रदेश पुलिस आपके सुरक्षित और शांतिपूर्ण उत्सव के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। प्रदेश भर में पर्याप्त पुलिस व्यवस्था की गई है, ताकि आप निर्भय होकर अपने परिवार और प्रियजनों के साथ होली मना सकें। आपकी सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित